जनकपुर/एमसीबी
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर विकासखंड भरतपुर अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुंवारपुर में शनिवार को “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यालय परिसर में आम, अमरूद एवं कटहल सहित विभिन्न फलदार पौधों का रोपण किया गया।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य राजेश कुमार द्विवेदी सहित समस्त शिक्षक एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पौधे लगाए और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उपस्थित जनों ने कहा कि पेड़-पौधे मानव जीवन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। ये हमें शुद्ध वायु, छाया, फल तथा प्राकृतिक सौंदर्य प्रदान करते हैं, साथ ही पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर प्राचार्य श्री द्विवेदी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “पेड़-पौधे केवल धरती का श्रृंगार नहीं हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण का अमूल्य उपहार हैं।” उन्होंने सभी विद्यार्थियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।
वृक्षारोपण के पश्चात विद्यालय परिवार द्वारा लगाए गए पौधों की सुरक्षा एवं संरक्षण का संकल्प भी लिया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
“हरियाली बढ़ेगी, तभी पर्यावरण सुरक्षित रहेगा” के संदेश के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।
