कुंवारपुर आरोग्य मंदिर में पांच दिवसीय अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम का सफल समापन
जनकपुर। जिला आयुष चिकित्सा अधिकारी मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर के निर्देशन में आयुष आरोग्य मंदिर कुंवारपुर में 17 जून से 21 जून 2026 तक पांच दिवसीय अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम का सफल आयोजन किया
गया।

कार्यक्रम का आयोजन डॉ. रितेश कौशले के संरक्षण में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुंवारपुर के प्राचार्य राजेश कुमार द्विवेदी, वरिष्ठ नागरिक रामलल्लु पटेल, दिगेश्वर प्रसाद तिवारी, जिला महामंत्री हीरालाल यादव, शेष नारायण यादव, व्याख्याता विनोद कुमार सिंह, राजेश कुमार भुर्तिया, नारायण प्रसाद प्रधान, भाजपा कुंवारपुर मंडल अध्यक्ष प्रदीप सिंह, उपसरपंच रामाश्रय पांडेय सहित अनेक गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

योग प्रशिक्षक विवेक कुमार तिवारी ने आयुष मंत्रालय भारत सरकार के प्रोटोकॉल के अनुसार योगाभ्यास कराया। कार्यक्रम का शुभारंभ मंगलाचरण से हुआ, जिसके बाद प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन जैसे त्रिकोणासन, भद्रासन, वज्रासन, उष्ट्रासन, शशांकासन, वक्रासन, सेतुबंधासन और अर्धहलासन का अभ्यास किया। साथ ही अनुलोम-विलोम, कपालभाति, शीतली, भस्त्रिका, उज्जायी और भ्रामरी प्राणायाम भी कराया गया।
योग सत्र के दौरान ज्ञान मुद्रा, चक्षु मुद्रा और ध्यान मुद्रा का अभ्यास कराया गया तथा शांति पाठ — “सभी सुखी हों, सब निरोग रहें, सबका मंगल हो” — के साथ वातावरण भक्तिमय बना रहा। “तन-मन-जीवन चलो संवारे” योग गीत और भारत माता की जय के उद्घोष से पूरा योग सदन गुंजायमान हो उठा।
कार्यक्रम के समापन पर नियमित सहभागिता दिखाने वाले बच्चों को प्रोत्साहन स्वरूप डॉ. रितेश कौशले द्वारा दो-दो कलम वितरित की गई।
उपस्थित सभी लोगों ने अपने दैनिक जीवन में योग को अपनाने का संकल्प लिया। अंत में प्रतिभागियों को चना, मूंग, गुड़ एवं मूंगफली से बना अंकुरित स्वल्पाहार वितरित किया गया।
यह आयोजन लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और योग के प्रति जागरूक करने में प्रेरणादायक साबित हुआ।
