एमसीबी जिले के विकासखंड मुख्यालय जनकपुर में गुरुवार को दो अलग-अलग मुद्दों को लेकर विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। पहली ओर दिल्ली के जंतर-मंतर में छात्रों के साथ हुई घटना के विरोध में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आह्वान पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी एवं छात्र संघ ने संयुक्त रूप से प्रदर्शन किया। इस दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया गया।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि छात्रों के साथ हुई घटना लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है और छात्रों की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई तथा छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
वहीं दूसरी ओर, जनकपुर के अंतरराज्यीय बस स्टैंड की बदहाल स्थिति को लेकर भी विरोध दर्ज कराया गया। लगातार बारिश के कारण बस स्टैंड परिसर पूरी तरह कीचड़ से भर गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस समस्या से नगर पंचायत को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

नगर पंचायत की उदासीनता से नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने अनोखा विरोध प्रदर्शन करते हुए बस स्टैंड के कीचड़ में धान का रोपा लगाकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि शीघ्र ही बस स्टैंड की स्थिति में सुधार नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

इस दौरान कांग्रेस पदाधिकारी, रवि प्रताप सिंह अंकुर प्रताप सिंह संजीव गुप्ता विनीत सिंह मनोज राय धर्मेन्द्र शर्मा गरीबा मौर्य सहित छात्रसंघ के सदस्य एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से जनहित के मुद्दों पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
