कुंवारपुर में नवीन आदिम जाति सहकारी समिति का उद्घाटन, किसानों को मिलेगी बड़ी राहत
एमसीबी/जिले के भरतपुर विकासखंड अंतर्गत उप तहसील कुंवारपुर में नवीन आदिम जाति सेवा सहकारी समिति का भव्य उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य एवं कृषि स्थाई समिति की सभापति श्रीमती सुखमंती सिंह रहीं।
उद्घाटन के दौरान श्रीमती सिंह ने सहकारी समिति के शाखा प्रबंधक को खाद-बीज क्रय-विक्रय के आदेश सौंपे और क्षेत्र के किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि अब किसान किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) के माध्यम से खाद, बीज और नगद राशि आसानी से प्राप्त कर सकेंगे। इससे किसानों को पहले होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी और कृषि कार्य को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि यह सहकारी समिति किसानों की लंबे समय से चली आ रही मांग थी, जो अब पूरी हुई है। इस अवसर पर उन्होंने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार किसानों के हित में लगातार कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में आम आदमी पार्टी के कोरबा लोकसभा अध्यक्ष रमाशंकर मिश्रा, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष हीरालाल मौर्य, भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रदीप सिंह, महामंत्री हीरालाल यादव, उप सरपंच रामाश्रय पांडे सहित सरपंच एवं अन्य जनप्रतिनिधि और क्षेत्रीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
यह उद्घाटन क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक पहल माना जा रहा है, जिससे किसानों को समय पर कृषि संसाधन उपलब्ध होंगे और उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार आने की उम्मीद है।
कुंवारपुर में नवीन आदिम जाति सहकारी समिति का उद्घाटन, किसानों को मिलेगी बड़ी राहत
