उमेश कुमार द्विवेदी को मिला उत्कृष्ट प्राचार्य सम्मान, “शिक्षा श्री” से हुए सम्मानित

Spread the love

एमसीबी/जनकपुर।

जिले के लिए गर्व और सम्मान का बड़ा अवसर सामने आया है। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कंजिया, विकासखंड भरतपुर के प्राचार्य उमेश कुमार द्विवेदी को मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण योजना के अंतर्गत “शिक्षा श्री” एवं उत्कृष्ट प्राचार्य सम्मान से नवाजा गया है।

यह गरिमामयी सम्मान समारोह 29 मार्च 2026 को शासकीय राजीव गांधी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अंबिकापुर के भव्य ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के पर्यटन, संस्कृति एवं धार्मिक न्यास मंत्री राजेश अग्रवाल तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में सरगुजा लोकसभा क्षेत्र के सांसद चिंतामणि महाराज उपस्थित रहे।

संभाग स्तर पर आयोजित इस चयन प्रक्रिया में प्रत्येक जिले से 6 उत्कृष्ट प्राचार्यों का चयन किया गया, जिसमें एमसीबी जिले से उमेश कुमार द्विवेदी को उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक कार्य, नवाचार, अनुशासन और विद्यालय के समग्र विकास में योगदान के लिए चयनित किया गया।

सम्मान के दौरान उन्हें प्रशस्ति पत्र, शाल, श्रीफल एवं सम्मान निधि प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान उपायुक्त सरगुजा संभाग शारदा अग्रवाल एवं संयुक्त संचालक शिक्षा संजय कुमार गुप्ता के कर कमलों से प्रदान किया गया।
उमेश कुमार द्विवेदी की यह उपलब्धि उनकी कड़ी मेहनत, समर्पण और शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

 

इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर जिला शिक्षा अधिकारी आर.पी. मिरे, विकासखंड शिक्षा अधिकारी सच्चिदानंद साहू, बीआरसी देवेंद्र गुप्ता एवं सहायक बीईओ अनिल पटेल सहित शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *