शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुंवारपुर में कक्षा 12वीं का भावुक विदाई समारोह आयोजित

Spread the love

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुंवारपुर, विकासखंड भरतपुर, जिला एमसीबी (छत्तीसगढ़) में कक्षा 12वीं के छात्र-छात्राओं के सम्मान में कक्षा 11वीं के विद्यार्थियों द्वारा भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का माहौल भावनात्मक और उत्साहपूर्ण रहा।


संस्था के प्राचार्य राजेश कुमार द्विवेदी ने अपने उद्बोधन में कहा कि बोर्ड परीक्षा विद्यार्थियों के जीवन की दिशा तय करने वाला महत्वपूर्ण चरण है। उन्होंने छात्रों को परीक्षा को दबाव के रूप में नहीं, बल्कि अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के अवसर के रूप में लेने की प्रेरणा दी। साथ ही परीक्षा के दौरान मोबाइल से दूरी बनाए रखने, अध्ययन पर ध्यान केंद्रित करने, स्पष्ट लेखन शैली अपनाने तथा समय प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि अच्छे अंकों से उत्तीर्ण होने पर भविष्य के अनेक द्वार स्वतः खुल जाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान कक्षा 11वीं के विद्यार्थियों ने विदाई गीत की सुंदर प्रस्तुति देकर सभी को भावुक कर दिया। कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों को सम्मानित कर उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की, जिससे विद्यालय का वातावरण और अधिक भावनात्मक हो गया।
इस अवसर पर  विनोद कुमार सिंह,  लक्ष्मीनारायण पटेल,  विकाश कुमार देवांगन, राजेश प्रसाद भुर्तिया,  नारायण प्रसाद प्रधान, श्रीमती विंदू शुक्ला, श्रीमती पर्णिता अहिरवार सहित विद्यालय के सभी शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। समारोह का समापन विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामनाओं के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *