गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर जनपद पंचायत भरतपुर, जिला एम.सी.बी. (छत्तीसगढ़) में राज्यपाल पुरस्कृत शिक्षक सम्मान समारोह हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया।

इस अवसर पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुंवारपुर के प्राचार्य राजेश कुमार द्विवेदी को उनकी उत्कृष्ट शैक्षणिक सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान जनपद पंचायत भरतपुर के स्थायी शिक्षा समिति अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष हीरालाल मौर्य, अध्यक्ष माया प्रताप सिंह तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी अजय सिंह राठौर द्वारा कर कमलों से प्रदान किया गया।
श्री द्विवेदी को यह सम्मान शैक्षणिक गुणवत्ता में सतत सुधार, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु नवाचारों के प्रभावी उपयोग तथा शिक्षण को रुचिकर, व्यावहारिक एवं परिणामोन्मुख बनाने के लिए किए गए उल्लेखनीय प्रयासों के लिए प्रदान किया गया।
समारोह में श्री द्विवेदी को प्रशस्ति पत्र, प्रतीक चिन्ह, श्रीफल, डायरी, पेन एवं पुष्पमाला भेंट कर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। शिक्षा समिति अध्यक्ष हीरालाल मौर्य ने अपने उद्बोधन में कहा कि इस प्रकार का अनुकरणीय कार्य शिक्षा के क्षेत्र में नई दिशा प्रदान करता है तथा समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने अपने विचार साझा करते हुए विकासखंड में शिक्षा के स्तर को और अधिक सुदृढ़ बनाने हेतु सहयोग की प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम का समापन देशभक्ति के संदेश, राष्ट्रीय निर्माण में शिक्षा की भूमिका तथा उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाओं के साथ किया गया।
