कुवांरपुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत वनों एवं वन्यजीवों को आग से बचाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत “वन सुरक्षा संकल्प रथ” के माध्यम से लगातार जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

प्रभारी वन परिक्षेत्राधिकारी कुवांरपुर के नेतृत्व एवं दिशा-निर्देश में परिक्षेत्र के विभिन्न ग्रामों में जागरूकता गतिविधियों का प्रभावी संचालन किया गया।
इसी क्रम में रथ शेरी, कुदरा, मसौरा एवं चांटी ग्रामों में पहुंचकर स्कूलों, सार्वजनिक स्थलों तथा हाट-बाजारों में लोकनृत्य, गायन एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए वनाग्नि से बचाव, वन संरक्षण और वन्यजीव सुरक्षा का संदेश दिया गया। कार्यक्रमों में ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए वनों की सुरक्षा के प्रति जागरूकता दिखाई।
इस अग्नि बचाव सीजन 15-02-2026 से 15-06-2026 तक निर्धारित किए जाने के तहत परिक्षेत्र के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ग्रामीणों से सतत संपर्क स्थापित कर वनों की सुरक्षा एवं रखरखाव हेतु विशेष जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। उक्त अभियान के अंतर्गत आज “वन सुरक्षा संकल्प रथ” वन परिसर कंजिया, कुवांरपुर, आरा, पोड़ी, तिलौली एवं फुलझर सहित अन्य ग्रामों में पहुंचा।
यहां नुक्कड़ नाटक, गायन तथा छत्तीसगढ़ी लोकनृत्य के माध्यम से वनों के महत्व, वनाग्नि से होने वाले नुकसान एवं बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
आकर्षक प्रस्तुतियों के जरिए आम जनमानस को वनों की सुरक्षा एवं अग्नि से बचाव हेतु ऊर्जान्वित किया गया। ग्रामीणों ने वन विभाग के प्रयासों की सराहना करते हुए हरसंभव सहयोग एवं सतर्कता बनाए रखने का संकल्प व्यक्त किया। वन विभाग ने भी सामुदायिक सहभागिता को वन संरक्षण की सफलता की कुंजी बताते हुए सभी से जागरूक और सतर्क रहने की अपील की
